सीपीएम विधायक ने किया संघ के कार्यक्रम का उद्घाटन!

आरएसएस का कार्यक्रम

इमेज स्रोत, vt bALRAM/FACEBOOK PAGE

इमेज कैप्शन, कांग्रेस नेता वीटी बलराम ने आरएसएस के कार्यक्रम की तस्वीर अपने फ़ेसबुक पेज पर पोस्ट की है
    • Author, प्रगीत परमेशरन
    • पदनाम, बीबीसी हिंदी डॉट कॉम के लिए
  • प्रकाशित

केरल में आरएसएस के एक कार्यक्रम का उद्घाटन कर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के विधायक विवादों में घिर गए हैं.

मंगलवार को थ्रिशूर ज़िले के ओराकाम में एक आरएसएस प्रचारक की मौत की पहली बरसी पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था.

इस कार्यक्रम का उद्घाटन इरिंजालाकुडा विधानसभा क्षेत्र से सीपीएम विधायक प्रोफ़ेसर केयू अरुनन ने किया.

हालांकि यह मामला तब प्रकाश में आया जब कांग्रेस के विधायक वीटी बलराम ने कम्युनिस्ट नेता की आलोचना की.

केयू अरुनन

इमेज स्रोत, ku arunan/ facebook page

इमेज कैप्शन, केयू अरुनन

बुधवार को सुबह बलराम ने फ़ेसबुक पर विधायक अरुनन की एक तस्वीर पोस्ट की थी.

आरएसएस के जाने पहचाने नेताओं के साथ अरुनन के मंच साझा करने पर विवाद पैदा हो गया और सोशल मीडिया पर ये ख़बर वायरल हो गई.

सीपीएम ने विधायक से इस बारे में लिखित स्पष्टीकरण मांगा है.

विधायक ने कहा कि इस कार्यक्रम को आरएसएस ने आयोजित किया था, ये उन्हें तब पता चला जब वो आयोजन स्थल पर पहुंच गए थे.

उन्होंने कहा, "अब मुझे इस बात का अफसोस हो रहा है कि मैं वहां गया और ऐसी स्थिति पैदा हुई. लेकिन आरएसएस के प्रति मेरा रुख जगज़ाहिर है."

अफसोस जताते हुए उन्होंने कहा कि इस संबंध में पार्टी जो भी कार्रवाई करेगी, वो स्वीकार करने को तैयार हैं.

पिनराई विजयन

इमेज स्रोत, PINARAYI VIJAYAN TWITTER

इमेज कैप्शन, केरल के मुख्यमंत्री केरल के

आरएसएस सेवा प्रमुख पीएस शाइन की याद में किताब वितरण कार्यक्रम का उन्होंने ही उद्घाटन किया था.

हालांकि बाद में सीपीएम विधायक ने कहा कि इस कार्यक्रम का न्योता माकपा की स्थानीय इकाई के सचिव किशोर ने दिया था.

उन्होंने कहा, "पार्टी के इकाई सचिव किशोर के आमंत्रण पर मैं अनजाने में वहां पहुंच गया. मैं उम्मीद करता हूं कि पार्टी और केरल के मुख्यमंत्री इस बात को समझेंगे और पार्टी जो भी निर्णय लेती है, मुझे स्वीकर होगा."

दिलचस्प बात है कि कांग्रेसी नेता और ब्लॉक पंचायत सदस्य थॉमस थाथांपिल्ली ने इस कार्यमक्रम की अध्यक्षता की थी.

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव एमपी जैक्सन ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने इस बारे में उनसे सफाई मांगी है.

हालांकि इस मुद्दे पर आरएसएस के कार्यकर्ताओं की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)