CAA लागू करने से इनकार नहीं कर सकते राज्य: कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल - प्रेस रिव्यू

कपिल सिब्बल

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित

पूर्व केंद्रीय मंत्री, जानेमाने वकील और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कहा है कि नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) संसद में पारित हो चुका है और अब कोई राज्य इसे लागू करने से इनकार नहीं कर सकता क्योंकि ऐसा करना 'असंवैधानिक' होगा.

इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित इस ख़बर के मुताबिक, कपिल सिब्बल का कहना है, ''सीएए के पास हो जाने के बाद कोई राज्य ये नहीं कह सकता कि मैं इसे लागू नहीं करूंगा. ये असंभव है और ऐसा करना असंवैधानिक होगा. आप इसका विरोध कर सकते हैं, विधानसभा में प्रस्ताव पारित कर सकते हैं और केंद्र सरकार से इसे वापस लेने के लिए कह सकते हैं.''

कपिल सिब्बल के इस बयान से पहले केरल सरकार ने सीएए को संविधान में उल्लेखित समानता, स्वतंत्रता और धर्मनिरपेक्षता के विरुद्ध बताते हुए सुप्रीम कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया था.

पंजाब विधानसभा ने भी सीएए के ख़िलाफ़ सदन में प्रस्ताव पारित किया था. केरल और पंजाब की तरह राजस्थान, मध्यप्रदेश, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र की सरकारों ने भी सीएए का विरोध करते हुए कहा है कि वो इसे लागू नहीं करेंगी.

सीएए के विरोध में बीते लगभग एक महीने से दिल्ली के शाहीन बाग़ में बड़ी संख्या में लोग धरने पर बैठे हैं. शाहीन बाग़ की तर्ज़ पर भारत के कुछ अन्य शहरों में भी लोगों ने सीएए का विरोध किया है.

घाटी में 166 दिन बाद मोबाइल सेवा बहाल

जम्मू कश्मीर प्रशासन ने 166 दिन के बाद प्रीपेड मोबाइल सेवा बहाल कर दी है. हिंदुस्तान की ख़बर के मुताबिक, कश्मीर घाटी के दो और जम्मू के सभी दस ज़िलों में पोस्टपेड मोबाइल पर 2जी इंटरनेट सेवा भी शनिवार से शुरू कर दी गई है.

कश्मीरी

इमेज स्रोत, Getty Images

जम्मू कश्मीर में बीते साल 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद दूरसंचार सेवा पर पाबंदी लगाई गई थी. इससे पहले पिछले ही हफ्ते सुप्रीम कोर्ट ने घाटी में इंटरनेट सेवा बहाली पर विचार करने के लिए कहा था.

कश्मीर घाटी के आठ ज़िलों में पाबंदी जारी रहेगी. ये ज़िले हैं बडगाम, गांदरबल, बारामुला, श्रीनगर, कुलगाम, अनंतनाग, शोपियां और पुलवामा.

शिरडी के साईंबाबा के जन्मस्थान पर विवाद

द हिंदू के मुताबिक, महाराष्ट्र के शिरडी में स्थानीय लोगों ने अनिश्चितकालीन बंद का आह्वान किया है, लेकिन अधिकारियों ने कहा है कि बंद के दौरान भी साईं बाबा का मंदिर खुला रहेगा.

शिरडी का साईंबाबा मंदिर

इमेज स्रोत, Getty Images

शिरडी के लोग महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के उस कथित बयान से नाराज़ हैं जिसमें उन्होंने परभणी ज़िले के पाथरी गांव को साईं बाबा का वास्तविक जन्मस्थान बताया था.

पिछले हफ्ते ही मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने पाथरी के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी.

भारतीय जनता पार्टी ने महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी (एमवीए) सरकार की आलोचना करते हुए मुख्यमंत्री की आलोचना की है और दावा किया है कि उनका बयान ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित नहीं है.

राहुल गांधी को अमित शाह की चुनौती

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ये साबित करने की चुनौती दी है कि नागरिकता संशोधन क़ानून (सीएए) से भारतीय मुसलमानों की नागरिकता छिन जाएगी.

अमित शाह

इमेज स्रोत, Getty Images

हिंदुस्तान टाइम्स की ख़बर के मुताबिक, अमित शाह ने राहुल गांधी को सीएए अच्छी तरह पढ़ने की सलाह देते हुए कहा, मैं राहुल गांधी चुनौती देता हूं...सीएए को पूरी तरह पढ़ें, अगर आपको ऐसा कुछ भी मिलता है जिससे लगे कि मुसलमानों की नागरिकता छिन जाएगी...हमारे प्रह्लाद जोशी (केंद्रीय मंत्री) आपके साथ डिबेट के लिए तैयार हैं.

सीएए का विरोध करने वालों को 'दलित विरोधी' बताते हुए अमित शाह ने कहा कि नए क़ानून में ऐसा कोई भी प्रावधान नहीं है जिससे मुसलमानों की नागरिकता छीनी जाए. उन्होंने कांग्रेस और राहुल गांधी पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया.

सीएए पर बीजेपी के राष्ट्रव्यापी 'जन जागरण अभियान' के तहत बेंगलुरु में आयोजित जनसभा में अमित शाह ने कांग्रेस, कम्युनिस्ट पार्टी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जेडीएस, सपा और बसपा पर वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया.

'हमारा दिल सोनिया गांधी जितना बड़ा नहीं'

दिल्ली में साल 2012 में सामूहिक बलात्कार और बर्बरता का शिकार हुई निर्भया के पिता का कहना है कि उनका दिल सोनिया गांधी जितना बड़ा नहीं है.

दैनिक जागरण की ख़बर के मुताबिक, निर्भया के पिता ने ये बात तब कही जब वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने निर्भया के परिवार को सोनिया गांधी का अनुसरण करते हुए दोषियों को माफ़ कर देने की अपील की थी.

फांसी का फंदा

इमेज स्रोत, Getty Images

सोनिया गांधी ने अपने पति राजीव गांधी की हत्या के मामले में दोषी नलिनी के लिए मृत्युदंड की मांग नहीं की थी. इंदिरा जयसिंह की अपील पर निर्भया के पिता ने कहा, ''हम आम लोग हैं, कोई राजनेता नहीं, हमारा दिल सोनिया गांधी जितना बड़ा नहीं है.''

निर्भया की मां ने भी इंदिरा जयसिंह की अपील पर कड़ी आपत्ति जताई है. निर्भया के दोषियों को एक फरवरी को फांसी पर लटकाया जा सकता है.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)